Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः पिपरिया भजा पुल पर पलटा टेंपो, मासूम समेत छह घायल,पुल की चढ़ाई पर अनियंत्रित हुआ वाहन ! चीख-पुकार के बीच पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल


पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र में रविवार दोपहर  सड़क हादसा उस समय हो गया, जब पिपरिया भजा पुल की चढ़ाई पर एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो चालक सहित छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, रविवार करीब 12रू30 बजे अनीता देवी पत्नी रामकुमार निवासी फूटे कुआं, थाना बरखेड़ा अपने मायके ग्राम लालपुर से परिवार के साथ टेंपो से ससुराल लौट रही थीं। जैसे ही टेंपो पिपरिया भजा पुल की चढ़ाई पर पहुंचा, चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि उसमें सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

दुर्घटना में अनीता देवी, उनके पति रामकुमार, बेटी सलोनी, किरथ देवी, डेढ़ वर्षीय मासूम अंकुश तथा टेंपो चालक घायल हो गए। हादसे में मासूम अंकुश के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि रामकुमार और एक अन्य छोटे बच्चे को भी गंभीर चोटें पहुंचीं। घायलों की दर्दभरी चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

अपने गंभीर रूप से घायल मासूम बेटे की हालत देखकर मां अनीता देवी घटनास्थल पर बिलख-बिलख कर रोने लगीं। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया और बच्चों को तत्काल उपचार के लिए सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। इस भावुक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

सूचना मिलने पर गजरौला थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य उपलब्ध वाहनों की मदद से अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरखेड़ा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को सड़क से हटवाकर यातायात भी सुचारु कराया।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिपरिया भजा पुल की चढ़ाई पर इससे पहले भी कई वाहन अनियंत्रित होकर पलट चुके हैं। उनका कहना है कि पुल पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, स्पीड कंट्रोल के उपाय और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं न होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम जल्द कराए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |