प्रतापगढ़। कभी कच्ची झोपड़ी में सात सदस्यीय परिवार के साथ जीवन गुजारने वाले विकास खण्ड कुण्डा के ग्राम पंचायत गोतनी निवासी राजेन्द्र कुमार सोनकर पुत्र चिरौंजीलाल के लिए पक्का मकान बनवाना वर्षों से एक सपना था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण उनका परिवार मौसम की मार झेलते हुए कच्चे घर में रहने को मजबूर था। बरसात में छत टपकने और खराब मौसम में घर की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। ऐसे में मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण राजेन्द्र कुमार और उनके परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। सरकार द्वारा आवास निर्माण के लिए कराए गए सर्वेक्षण के उपरांत राजेन्द्र कुमार को आवास निर्माण के लिए तीन किश्तों में कुल 1,20,000 रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। प्राप्त धनराशि और परिवार के सदस्यों के सहयोग से उन्होंने एक कमरे का पक्का मकान बनवा लिया। वर्षों से कच्ची झोपड़ी में रहने वाला परिवार अब अपने पक्के घर में सुरक्षित और सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है। राजेन्द्र कुमार बताते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव ला दिया है। पक्का मकान मिलने से न केवल परिवार को सुरक्षित छत मिली, बल्कि जीवन स्तर में भी सुधार हुआ है। अब बरसात, आंधी और खराब मौसम में घर की चिंता नहीं रहती। पक्का घर बनने से परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि आवास योजना के साथ-साथ परिवार को शौचालय, बिजली कनेक्शन, गैस कनेक्शन, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी विभिन्न सरकारी सुविधाओं का भी लाभ प्राप्त हुआ है। शौचालय की सुविधा मिलने से अब परिवार के सदस्यों को शौचालय के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। इससे स्वच्छता, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिला है।
राजेन्द्र कुमार भावुक होकर कहते हैं कि पहले उनका परिवार कच्ची झोपड़ी में रहता था और हर मौसम में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आज सरकार की योजना से उन्हें अपना पक्का घर मिल गया है। “मुख्यमंत्री आवास मिलने से मेरा अपने घर का सपना पूरा हुआ है। इसके लिए मैं और मेरा पूरा परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति हृदय से आभारी हैं।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। राजेन्द्र कुमार सोनकर की सफलता की कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो वह केवल मकान नहीं बनाता, बल्कि सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव भी तैयार करता है।
