प्रतापगढ़/बाबागंज। पुरानी रंजिश में मामूली विवाद होने पर दबंग भाइयों ने अपने दर्जनों साथियों संग युवक के घर पर रात में हमला कर दिया। हमला करके घर पर मौजूद सभी सदस्यों को जमकर मारापीटा और युवक के कैंसर पीड़ित पिता को उठाकर चारपाई से फेंक दिया। हल्ला गुहार सुनकर जब ग्रामीण एकत्र हुए तो हमलावर भाग निकले। एक बाइक और तीन हमलावरों को पुलिस रात में ही उठा लाई। घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो गया। सुबह जब पीड़ित थाने तहरीर देने गया तो पुलिस आरोपियों के साथ पीड़ित का भी चालान कर दिया। जिससे इलाके में पुलिस की कायशैली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
महेशगंज थाना क्षेत्र के राहुल यादव सुत बाबूलाल यादव का कहना है कि गुरुवार को दोपहर में उसके ही गांव के रहने वाले दो युवकों के साथ उसका पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया था। विवाद होने के बाद रात में करीब 9 बजे उक्त भाइयों ने अपने करीब ढाई दर्जन साथियों संग उसके घर पर लाठी डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घर में घुसकर उसकी मां, बहन और कैंसर पीड़ित उसके पिता को मारकर घायल कर दिया। हमलावरो ने उसके पिता को चारपाई से उठाकर फेंक दिया तथा घर में रखा बेशकीमती सामान तोड़ दिया। युवक ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई हल्ला गुहार सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए तो अन्य हमलावर तो भाग निकले लेकिन तीन हमलावरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया जो कि बाघराय थाना क्षेत्र के रायकाशीपुर डुबकी गांव के बताए जा रहें हैं। युवकों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सुबह जब पीड़ित राहुल घटना की तहरीर देने थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसका भी शांति भंग की अंदेशा में चालान कर दिया। पीड़ित का ही चालान कर देने से पुलिस की कार्यप्रणाली और उसकी मंशा को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा है। इस संबंध में प्रभारी एसओ नीरज सिंह कुशवाहा का कहना है कि रात्रि में चोरी की सूचना देकर पुलिस बुलाई गई थी। दोनों पक्षों का चालान किया गया है। रात में गांव में बाहरी युवकों के आने के बारे में पूछने पर उन्होंने जांच करने की बात कहकर मामले को टाल दिया।
.jpg)