Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः जनपद को मिली दोहरी रेल सौगात! टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस और शाहजहांपुर तक बढ़ी पैसेंजर सेवा, जितिन प्रसाद ने दिखाई हरी झंडी


पीलीभीत से रेल कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार, यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए खुलीं लंबी दूरी की नई संभावनाएं

पीलीभीत। जिले के रेल इतिहास में सोमवार का दिन एक बड़ी उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में क्षेत्रवासियों को दो महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात दी। उन्होंने टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस के संचालन तथा टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन को शाहजहांपुर तक विस्तारित किए जाने का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा नागरिक मौजूद रहे।

समारोह के दौरान केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा वर्चुअल माध्यम से देशभर में नई रेल सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। इसके बाद पीलीभीत स्टेशन से दोनों रेल सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया।

केन्द्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि टनकपुर से महाराष्ट्र के सिखों के प्रमुख धार्मिक स्थल हुजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू होने से न केवल उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि उत्तर भारत और पश्चिमी एवं मध्य भारत के बीच रेल संपर्क भी और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों के लिए समय, धन और यात्रा की कठिनाइयों को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी।उन्होंने बताया कि नांदेड़-टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन नांदेड़ से 12 जुलाई से प्रत्येक रविवार तथा टनकपुर से 14 जुलाई से प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। इस नई रेल सेवा से धार्मिक पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक संपर्क को भी नया आयाम मिलेगा।कार्यक्रम में स्थानीय यात्रियों के लिए भी बड़ी राहत का ऐलान किया गया। लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का विस्तार शाहजहांपुर तक कर दिया गया है। अब यह ट्रेन पीलीभीत पर समाप्त होने के बजाय शाहजहांपुर तक जाएगी, जिससे रोजाना नौकरी, शिक्षा, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होगी और क्षेत्रीय आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा।

जितिन प्रसाद ने कहा कि केन्द्र सरकार देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण, नई रेल लाइनों, बेहतर यात्री सुविधाओं और कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पीलीभीत को मिली यह नई सौगात इसी विकास यात्रा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र के विकास के लिए अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी तेजी से काम किया जाएगा।

रेल सेवाओं के शुभारंभ पर उपस्थित लोगों ने इसे पीलीभीत, शाहजहांपुर, टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। लोगों का कहना था कि नई एक्सप्रेस सेवा से जहां लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी, वहीं पैसेंजर ट्रेन के विस्तार से दैनिक यात्रियों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, पूरनपुर विधायक प्रतिनिधि ऋतुराज पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरुभाग सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, पूरनपुर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नई रेल सेवाओं के शुभारंभ के साथ ही पीलीभीत का रेल नेटवर्क और अधिक मजबूत हुआ है। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और धार्मिक महत्व को नई पहचान मिलेगी तथा आने वाले वर्षों में जिले की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति प्राप्त होगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |