बरखेड़ा। थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव आमडार निवासी एक व्यक्ति ने अपने दामाद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। शिकायत में कहा गया है कि उसकी पुत्री को पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और अब उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित पिता के अनुसार करीब चार वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह थाना गजरौला क्षेत्र के गांव हटुआ बिजाई निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। विवाह के बाद उनकी पुत्री का एक चार माह का पुत्र भी है। आरोप है कि दामाद शराब के नशे में आए दिन घर पहुंचकर पत्नी के साथ मारपीट करता है और अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। तहरीर में कहा गया है कि 24 जुलाई की शाम आरोपी ने नशे की हालत में पत्नी से कहा कि वह अपने पिता से जमीन उसके नाम कराए, अन्यथा वह दूसरी शादी कर लेगा और उसे छोड़ देगा। विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई। आरोप है कि बाद में उसने विवाहिता को उसके निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpg)