- बरखेड़ा विधानसभा की नौ प्रमुख सड़कों समेत कई विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
- मंडी परिसर की जनसभा में विकास और किसानों के हितों पर दिया जोर
पीलीभीत। कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में शनिवार को आयोजित भव्य जनसभा में प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने जनपद को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान करीब 14.48 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की नौ प्रमुख सड़कों सहित जनपद के विभिन्न विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने मंडी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द महाराज भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के विकास, सड़क संपर्क और किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, उपनिदेशक (प्रशासन) विश्वेंद्र कुमार, उपनिदेशक (निर्माण) ललित नारायण सिंह, मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। जनसभा के दौरान वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, कृषि क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों तथा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही कहा गया कि सरकार ग्रामीण सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने, कृषि अवसंरचना को मजबूत करने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का संकल्प दोहराया। जनसभा में बड़ी संख्या में किसानों, स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा मंडी परिसर खचाखच भरा नजर आया।
