लखनऊ। सरोजनी नगर क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गोरोड़ा पुल के पास सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण हर दिन हजारों वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से भारी वाहनों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों का भी लगातार आवागमन रहता है, लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गड्ढों के कारण कई वाहनों के टायर, सस्पेंशन और अन्य पुर्जे क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि गोरोड़ा पुल के पास की सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, गड्ढों को भरा जाए तथा सड़क को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
