जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपदभर में चला सघन प्रवर्तन अभियान, मिलावटखोरों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रामपुर।जनपदवासियों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 21 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं अतिरिक्त प्रभार सहायक आयुक्त (खाद्य)-प्प् संजीव सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं छापेमारी कर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित किए।
अभियान के दौरान रामपुर रोड स्थित पहलवान जनरल स्टोर से मसाला चाय, खुली हल्दी पाउडर, बेसन एवं सरसों के तेल के नमूने लिए गए। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण लगभग 7 किलोग्राम मसाला चाय तथा 23 किलोग्राम खुली हल्दी पाउडर को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया गया।
टीम ने अनाज मंडी स्थित पी.के. ट्रेडर्स से मसाला चाय, नरपत नगर स्थित शहादत किराना स्टोर से खुला सरसों का तेल तथा मिलक फाटक क्षेत्र के डेयरी प्रतिष्ठानों से दूध के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए। वहीं समाचार पत्र में प्रकाशित फूड पॉइजनिंग की खबर का संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर चक्की फ्रेश आटा एवं रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता एवं सुरक्षित भंडारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
विशेष अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 10 विधिक नमूने संग्रहित कर राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत जिन नमूनों में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता की पुष्टि होगी, उनके संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के प्रति प्रशासन की श्जीरो टॉलरेंसश् की नीति है। सभी खाद्य कारोबारियों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।
