राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, लद्दाख की सुरक्षा, शिक्षा सुधार और पेपर लीक पर सख्त कानून की उठाई मांग
बीसलपुर। समाजवादी छात्रसभा ने रविवार को प्रख्यात शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में बीसलपुर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडे के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए लद्दाख के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
जुलूस का नेतृत्व छात्रसभा के जिला अध्यक्ष अभिषेक गंगवार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता हाथों में ज्ञापन लेकर तहसील परिसर पहुंचे। ज्ञापन में कहा गया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा सोनम वांगचुक का शांतिपूर्ण आंदोलन केवल लद्दाख तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के युवाओं, शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।अभिषेक गंगवार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। ऐसे में सरकार को तत्काल कठोर कानून बनाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के धैर्य की परीक्षा अब और नहीं ली जानी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से समाजवादी छात्रसभा ने प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर नीट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की। साथ ही शिक्षा मंत्रालय एवं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की जवाबदेही तय करने, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को विज्ञापन जारी होने से लेकर नियुक्ति तक अधिकतम छह माह के भीतर पूरा करने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा नकल एवं पेपर लीक माफियाओं के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग रोकने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
छात्रसभा ने केंद्र सरकार से अपील की कि लोकतंत्र की मूल भावना संवाद और संवेदनशीलता में निहित है। इसलिए सरकार को आंदोलनकारियों के साथ सीधे वार्ता कर समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए, ताकि देश के युवाओं में विश्वास कायम रहे। इस अवसर पर जिला महासचिव दानिश खान, नगर अध्यक्ष पीयूष, ऋषभ सिंह लोधी, आकाश पटेल, अमित गंगवार, अरुण सिंह, विवेक, कार्तिक, सिकंदर सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
