16 जुलाई को विधायक से मांगी थी 3.5 लाख की रंगदारी, सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपी गिरफ्तार
पीलीभीत। बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक कुमार वर्मा से फोन पर ₹3.5 लाख की रंगदारी मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बीसलपुर के रामलीला रोड से दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को विधायक विवेक कुमार वर्मा ने थाना बीसलपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके मोबाइल पर 9203228335 नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम नीरज बताते हुए खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताया और जान से मारने की धमकी देते हुए ₹3.5 लाख की रंगदारी की मांग की। विधायक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीसलपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।मामले के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी एवं थाना बीसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। लगातार की गई पड़ताल के बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी नीरज सिंह राठौर (41 वर्ष) को रामलीला रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान ग्राम उमरी, थाना रामपुरा, जनपद जालौन के मूल निवासी के रूप में हुई। वर्तमान में वह 115-बी, विद्यापति नगर, थाना नानाखेड़ा, जिला उज्जैन (मध्य प्रदेश) में रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि विधायक से फोन पर रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना में जुटी पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने किसी गिरोह के इशारे पर वारदात को अंजाम दिया या फिर उसने अकेले ही रंगदारी मांगने की साजिश रची थी। पुलिस पूरे प्रकरण के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक गंभीर आपराधिक मामले का खुलासा हुआ, बल्कि यह संदेश भी गया कि जनप्रतिनिधियों या आम नागरिकों को धमकाकर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कानून सख्ती से कार्रवाई करेगा।
