Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः मतदाताओं की सुविधा सर्वोपरि, बूथ पुनर्गठन पर डीएम ने राजनीतिक दलों से लिए सुझाव


बलिया। आगामी निर्वाचन को अधिक सुव्यवस्थित और मतदाता हितैषी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बूथों के पुनर्गठन, स्थान परिवर्तन तथा मतदाताओं की सुविधाओं से जुड़े सुझावों पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी मतदेय स्थल मतदाताओं के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां भी बूथ परिवर्तन का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, वहां संबंधित उप जिलाधिकारी मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

बैठक में विभिन्न मतदेय स्थलों को लेकर सुझाव रखे गए। ग्राम पुरास दक्षिण बरुना के बूथ संख्या-261, बहेरी के बूथ संख्या-110, 111 एवं 112, इस्लामिया स्कूल परमानंदापुर, मदरसा अनवारुल ओलूम जूनियर हाई स्कूल, ब्रह्माइन डेरा, अंबेडकर पसरा, चकिया-बिछुआ, सिसोटर, पकड़ी तथा बनकटा समेत कई स्थानों पर बूथों के स्थानांतरण अथवा पुनर्गठन के प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने संबंधित एसडीएम को सभी प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जर्जर भवनों में संचालित मतदेय स्थलों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने पर जोर दिया।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को ऐसे मतदेय स्थलों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां 1100 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार ऐसे बूथों का पुनर्गठन कर मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सभी उप जिलाधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |