पीलीभीत। बरखेड़ा कला थाना क्षेत्र के गांव ललौर गुजरानपुर निवासी मुरारी लाल पुत्र कल्याण राय ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपने चाचा भूपराम और उनके पुत्र नरेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि गांव के बाहर उसका और उसके चाचा का मकान आमने-सामने स्थित है तथा दोनों परिवारों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, लगभग दो माह पूर्व उसके चाचा के मकान में अचानक आग लग गई थी। उस समय चाचा घर पर मौजूद नहीं थे। पीड़ित का कहना है कि उसने ही ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया और बड़ा नुकसान होने से बचाया। इसके बावजूद चाचा और उनका पुत्र उससे लगातार रंजिश रखते हैं।
मुरारी लाल का आरोप है कि उसका चाचा और चचेरा भाई आए दिन शराब के नशे में घर पहुंचते हैं और गाली-गलौज करते हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका चाचा नशे की हालत में अपने पुत्र से कहता है कि वह कहीं जाकर मर जाए, ताकि उसकी मौत का आरोप भतीजे मुरारी लाल पर लगाकर उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाया जा सके। पीड़ित का कहना है कि यह बात वह कई बार सुन चुका है, जिससे वह और उसका परिवार लगातार भय के माहौल में रह रहे हैं।पीड़ित ने आगे आरोप लगाया कि जब वह गाली-गलौज का विरोध करता है तो दोनों पिता-पुत्र मारपीट पर उतारू हो जाते हैं और उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। इतना ही नहीं, पुलिस से शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी जाती है।
मुरारी लाल ने थाना बरखेड़ा कला पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)