Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मुंबई में पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत, कुर्ला में बुजुर्ग तो आरे कॉलोनी में बाइक सवार युवक की मौत


देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई के हालात बारिश की वजह से बेहाल हो गए हैं। मुंबई में 12 घंटे के अंदर पेड़ गिरने की वजह से दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। एक तरफ मुंबई के कुर्ला इलाके में 63 वर्षीय बुजुर्ग युनुस कुंडवला की पेड़ गिरने से मौत हो गई, तो वहीं दूसरी तरफ आरे कॉलोनी में पेड़ गिरने की वजह से 18 साल के हसन रजा की मौत हो गई। इन दोनों घटनाओं के बाद से विपक्ष ने अब बीएमसी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। मनसे के कार्यकर्ता थोड़ी देर में मौके पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

मुंबई के कुर्ला इलाके में पेड़ गिरने की वजह से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। मृतक की पहचान यूनुस कुंडावाला के रूप में की गई है। परेशानी की बात यह है कि पेड़ गिरने की घटना होने के तुरंत बाद महानगरपालिका के कर्मचारियों ने जगह को इस प्रकार तुरंत साफ कर दिया है कि जैसे घटनास्थल पर कुछ हुआ ही ना हो। साकीनाका में नाले में गिरने से बुजुर्ग की मौत का मामला अभी ताजा ही है, इसके बाद अब पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। वहीं मनसे के नेता महेंद्र भानुशाली ने बीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए है।

वहीं मुंबई के कुर्ला इलाके में पेड़ गिरने की वजह से बुजुर्ग व्यक्ति की मौत के मामले में BMC हेल्थ कमेटी के अध्यक्ष मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे। इंडिया टीवी के सवालों का उनके पास केवल इतना ही जवाब है कि उन्होंने भी प्रशासन और आयुक्त को पेड़ों की कटाई के लिए बार-बार पत्र लिखे। पत्र लिखने के बाद भी ठेकेदार ने काम ठीक से नहीं किया इसलिए उसी का दोष है। उन्होंने जांच के बाद उचित कार्रवाई का दावा किया है। हालांकि जब सवाल पूछा गया कि आप खुद सत्ता में हैं कार्रवाई आपको करनी चाहिए, तो जवाब आया कि 4 साल से जो प्रशासन काम कर रहा था, वह अभी भी अपनी नींद से नहीं जगा है।

दूसरी तरफ मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच आरे कॉलोनी में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिवार दोपहर आरे कॉलोनी के यूनिट नंबर-13 रोड पर चलती मोटरसाइकिल पर अचानक पेड़ की भारी शाखा गिर गई। इस हादसे में 18 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हसन रजा जहांगीर अली सैयद (18) के रूप में हुई है, जो साकिनाका का रहने वाला था। उसे गंभीर चोटें आईं और डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |