मनोज मिश्रा
अमेठी। प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत खाद एवं रसद विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभाग की एआरओ (क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी) सीमा पांडे ने ग्राम पंचायत इटौजा पष्चिम मे पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान एआरओ सीमा पांडे ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है।उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल करे। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त ऑक्सीजन और बेहतर प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।कार्यक्रम में विभाग के कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।एआरओ सीमा पांडे ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है। जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान से नहीं जुड़ेगा, तब तक पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य पूरी तरह सफल नहीं हो सकेगा। उन्होंने लोगों से अपने घर, विद्यालय, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेने के साथ हुआ। खाद एवं रसद विभाग का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
