अमेठीः वृहद वृक्षारोपण महा अभियान-2026 का शुभारंभ! हर नागरिक कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए-डीएम
July 12, 2026
सिंहपुर/अमेठी। एक पेड़ मां के नाम थीम पर जनपद अमेठी में कल वृहद वृक्षारोपण महा अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रातः काल से ही पूरे जनपद में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। उन्होंने पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि पौधे तभी सार्थक होंगे जब उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाएगा। नोडल अधिकारी एवं महानिदेशक आयुष विभाग उत्तर प्रदेश चैत्रा वी. ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान एवं प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व है। जिलाधिकारी संजय चैहान ने कहा कि जनपद अमेठी में वृहद वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यापक तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि एक पेड़ मां के नामष् अभियान समाज को पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहता है बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य का निर्माण भी होता है।
