शुकुलबाजार/अमेठी। ग्राम सभा पन्ही स्थित पावन गोमती नदी के तट पर विराजमान मां कामाख्या देवी धाम में आयोजित यज्ञशाला पुनरोद्धार महोत्सव का समापन सोमवार को विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र ही नहीं, आसपास के जनपदों से भी पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां कामाख्या का दर्शन-पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ। आयोजन समिति के स्वयंसेवकों ने पूरे दिन श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। मंदिर परिसर ष्जय मां कामाख्याष् के जयघोष से गूंजता रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजन संयोजक मदन चन्द्र कौशल ने बताया कि यज्ञशाला पुनरोद्धार महोत्सव में क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाते हैं।
भंडारे में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति की ओर से सुरक्षा, पेयजल, बैठने और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर क्षेत्र के संभ्रांत लाल अमरचंद कौशल, भवानी कौशल, पत्रकार मुकेश शुक्ला ,राजू कौशल,आलोक कौशल, शेषनाथ तिवारी, आदि सैकड़ो लोगों पर उपस्थित रहे ।
