पीलीभीत। सरकारी कार्यालयों में समयपालन और कार्यसंस्कृति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सतीश प्रसाद मिश्र ने गुरुवार सुबह विकास भवन में औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब 10रू15 बजे पहुंचे सीडीओ ने विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए उनका स्पष्टीकरण तलब करने और अनुपस्थिति अवधि का वेतन रोकने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जिला पंचायत राज कार्यालय, जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, जिला प्रोबेशन कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, सहायक निदेशक (निबंधक) सहकारी समितियां, जिला विकास अधिकारी कार्यालय, उपायुक्त श्रम-रोजगार सहित अन्य विभागों का जायजा लिया। निरीक्षण में समाज कल्याण कार्यालय की वरिष्ठ सहायक लता कुमारी, यूपीनेडा कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अमित कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय के वरिष्ठ सहायक नदीम अहमद तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुमित कुमार ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।
सीडीओ ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कर्मचारियों से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए और उनकी अनुपस्थिति अवधि का वेतन रोका जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में समय पर उपस्थित रहना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने कार्यालयों की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अलमारियों के ऊपर रखे अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से अंदर रखने, पुराने रिकॉर्ड की नियमानुसार वीडिंग कराने तथा प्रत्येक अलमारी पर संबंधित पटल सहायक के पदनाम की स्पष्ट स्लिप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयों में साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन और सुव्यवस्थित कार्य वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।सीडीओ ने कहा कि विकास भवन में आने वाले आम नागरिकों को बेहतर वातावरण और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी समयबद्धता, अनुशासन तथा जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
