पीलीभीत: छह वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के प्रयास पर फूटा गुस्सा, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज दो गिरफ्तार! विरोध करने पर परिजनों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
July 23, 2026
पीलीभीत । पूरनपुर क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के प्रयास की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है। घर के बाहर खेल रही मासूम को एक नाबालिग लड़का कथित रूप से गलत नियत से मुंह दबाकर पास के शौचालय में ले गया, जहां उसके साथ छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पास में खेल रहे एक किशोर ने साहस दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।पुलिस ने त्वरित करवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली छह वर्षीय बालिका अपनी नानी के घर पड़ोसी गांव गई हुई थी। बुधवार शाम वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह किसी काम से घर के बाहर निकली, तभी गांव का एक नाबालिग उसे जबरन पकड़कर मुंह दबाते हुए पास स्थित शौचालय में ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।मासूम के रोने और चीखने की आवाज सुनकर पास में मौजूद एक किशोर दौड़कर मौके पर पहुंचा। उसने आरोपी का विरोध करते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना का विरोध करने और आरोपी पक्ष से शिकायत करने पर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़िता की मां ने कोतवाली पहुंचकर मामले की लिखित तहरीर पुलिस को दी।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं में पॉक्सो एक्ट सहित मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और विधिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
