गौरीगंज: हो रही सड़क दुर्घटनाओं का जिम्मेदार कौन ?
July 05, 2026
गौरीगंज/अमेठी। शहर में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि कई प्रमुख चैराहों और व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही और निगरानी की कमी के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर समय पर कार्रवाई नहीं होने से वाहन चालक बेखौफ होकर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाते हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित यातायात और नियमों की अनदेखी आम बात बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी नहीं रहती, जबकि व्यस्त समय में वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। लोगों का आरोप है कि गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के सफर करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण नियमों का उल्लंघन बढ़ रहा है। इसके चलते आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं या गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। हालांकि, दुर्घटनाओं के कारण कई कारकों से जुड़े हो सकते हैं, जिनमें तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना, खराब सड़कें और नियमों की अनदेखी भी शामिल हैं। लोगो का मानना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस, प्रशासन और आम नागरिकों सभी की जिम्मेदारी है। नियमित निगरानी, सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता के जरिए दुर्घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
.jpg)