अमेठी। नगर के बस अड्डे के पास मंगलवार को एक बार फिर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। बस अड्डे की ओर से निकल रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस और सामने से आ रही जेसीबी आमने-सामने आ गईं। सड़क संकरी होने के कारण दोनों वाहन बीच सड़क पर फंस गए, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
जाम के चलते बस यात्रियों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस अड्डा क्षेत्र में आए दिन इसी तरह जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात बार-बार बाधित होता है।
मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों के प्रयास से किसी तरह वाहनों को निकलवाकर यातायात बहाल कराया गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से बस अड्डा क्षेत्र में स्थायी यातायात व्यवस्था लागू करने, अतिक्रमण हटाने और भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने की मांग की है, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिल सके।
