शुकुलबाजार/अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत पारा मजरे के पूरे दीपचंद गांव के पास बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पूरे दीपचंद निवासी राजकरन का ट्रैक्टर संदीप चला रहा था। रास्ते में पूरे बख्तावर निवासी 24 वर्षीय शमशेर भी ट्रैक्टर पर सवार हो गया। जब ट्रैक्टर लाला के पुरवा के पास पहुंचा तो चालक संदीप पेशाब करने के लिए ट्रैक्टर रोककर नीचे उतर गया। इसी दौरान ट्रैक्टर पर बैठे शमशेर ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही दूरी तय करने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से शमशेर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस संबंध मे
थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने की दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
