बीसलपुर। नई क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जे.के. पाठक ने देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाएं करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं और वहां होने वाली चोरी की घटनाएं समाज के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में जे.के. पाठक ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर देश-विदेश में बसे करोड़ों रामभक्तों की आस्था, विश्वास और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। इसके निर्माण के लिए वर्षों तक संघर्ष हुआ और अनेक लोगों ने अपना योगदान एवं बलिदान दिया। ऐसे धार्मिक स्थलों की गरिमा और सुरक्षा बनाए रखना सरकार तथा प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनकी निष्पक्ष एवं गहन जांच होनी चाहिए। दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पाठक ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। जनता द्वारा श्रद्धा से चढ़ाए गए धन और धार्मिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी और दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास कमजोर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
