बीसलपुर। नगर के लाइफलाइन अस्पताल में रविवार को ब्लड बैंक का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक विवेक वर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ब्लड बैंक की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे बीसलपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा और उन्हें रक्त के लिए दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा।लाइफलाइन अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ. सतीश चंद्र ने बताया कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब ब्लड बैंक शुरू होने से गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों के उपचार में और अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि पहले रक्त की आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के परिजनों को पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर तक भागदौड़ करनी पड़ती थी। कई बार समय पर रक्त उपलब्ध न होने से मरीजों की जान तक चली जाती थी। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक शुरू होने से ऐसी परिस्थितियों में काफी राहत मिलेगी और जरूरतमंदों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि निजी संस्थानों द्वारा समाजहित में इस प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वागतयोग्य कदम है। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर अस्पताल के प्रबंधक राजेश सिंह, ग्राम प्रधान, सभासद, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
