पीलीभीत। पूरनपुर क्षेत्र के रेल नेटवर्क को सशक्त बनाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस के संचालन का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया और क्षेत्रवासियों को इस नई रेल सेवा की सौगात दी।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस का संचालन लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही थी। इस ट्रेन के शुरू होने से पूरनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लखनऊ और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक सीधी एवं सुगम रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन का नियमित संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को स्थायी लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि नई रेल सेवा से व्यापारियों को अपने व्यवसाय के विस्तार में सुविधा मिलेगी, छात्रों को शिक्षा के लिए आने-जाने में राहत मिलेगी, किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन में मदद मिलेगी तथा आम यात्रियों की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। इसके साथ ही कासगंज, पूरनपुर और ऐशबाग के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों के विकास, नई ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से देश के दूरस्थ क्षेत्रों को भी बेहतर रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। पूरनपुर क्षेत्र भी अब इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है।
समारोह के दौरान सिख समाज के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री से पूरनपुर से अमृतसर के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग रखी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और रेलवे मंत्रालय के स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अपूर्व सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नई रेल सेवा के शुभारंभ पर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।
