Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

आगरा: मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस कमिश्नर ने ब्रीफिंग कर अधिकारियों को दिए विस्तृत दिशा-निर्देश


सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, मंच प्रबंधन एवं जनसुविधाओं की व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश

आगरा। मुख्यमंत्री योगी  आदित्यनाथ जी के दिनांक 25 जुलाई 2026 को प्रस्तावित आगमन एवं विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी एवं पुलिस कमिश्नर  दीपक कुमार जी ने टाटा ग्राउंड में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, मंच प्रबंधन तथा जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी  मनीष बंसल जी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने तैनाती स्थलों पर सतर्क रहकर आवश्यकतानुसार मौके पर ही त्वरित निर्णय लें तथा अत्यधिक भीड़ की स्थिति में केवल दूरभाष पर निर्भर न रहें। उन्होंने हेलिपैड के आसपास सभी ऊंची इमारतों, टावरों एवं ऊंचे पेड़ों पर मानक के अनुरूप लाल झंडे लगाए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के आगमन से पूर्व उद्यान विभाग, खादी ग्रामोद्योग विभाग, महिला कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग आदि समेत अन्य समस्त विभागों की अपनी विभागीय स्टॉल पूर्ण रूप से तैयार हों तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी ड्यूटी पास एवं पहचान पत्र के साथ निर्धारित स्थान पर उपस्थित रहें। अन्नप्राशन, गोद भराई, प्रदर्शनी अवलोकन एवं मंचीय कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार संपन्न कराए जाएं। मंच पर केवल मुख्यमंत्री कार्यालय से अनुमोदित सूची के अनुसार ही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं चेक वितरण के लिए पूर्व निर्धारित लाइन-अप एवं बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंच व्यवस्था की संपूर्ण जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन तथा सहयोगी अधिकारी के रूप में एसडीएम सदर को सौंपी गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के जनसभा कार्यक्रम के उपरांत कमिश्नरी में प्रस्तावित ब्रज तीर्थ विकास परिषद एवं समीक्षा बैठक के लिए संबंधित अधिकारी समय से पूर्व उपस्थित रहें। विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नामित नोडल अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करें तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली बसों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने मीडिया, पेयजल, शौचालय, विद्युत, टैंकर, पार्किंग एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनप्रतिनिधियों के सुचारु आवागमन के लिए गेट संख्या-2 पर विशेष समन्वय टीम तैनात की जाए। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम, भोजन, आतिथ्य एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। केंद्रीय हिंदी संस्थान में पार्किंग, पेयजल, शौचालय एवं प्रतिभागियों की सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

पुलिस कमिश्नर श्री दीपक कुमार जी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार अनुमोदित सूची में शामिल व्यक्तियों को ही मंच एवं सुरक्षित क्षेत्रों में प्रवेश दिया जाए तथा बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की अनिवार्य जांच एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए।  मंत्रीगण, विधायकगण एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के सहायकों की पूर्व निर्धारित व्यवस्था का अनुपालन कराया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि पर्याप्त बसों के साथ संबंधित थानों से पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सभी पुलिस अधिकारी एवं जवान कार्यक्रम प्रारंभ होने से लगभग तीन घंटे पूर्व अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें। वीआईपी, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं बसों के लिए पृथक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पार्किंग स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर जलभराव एवं अन्य बाधाओं का तत्काल निराकरण कराया जाए। निर्धारित एवं वैकल्पिक मार्गों का परीक्षण कर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए तथा सर्किट हाउस में केवल अधिकृत एवं अनुमन्य वाहनों को ही प्रवेश दिया जाए। सुरक्षा, पार्किंग एवं भीड़ नियंत्रण की सभी व्यवस्थाओं का पूर्व सत्यापन कर उनका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित, अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा समस्त विभागों द्वारा स्थापित स्टॉलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |