Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुल्तानपुर: बिजली विभाग की कथित लापरवाही से किसान की मौत, मुकदमा दर्जय पोस्टमार्टम के बाद नम आंखों से हुआ अंतिम संस्कार


चांदा/सुलतानपुर। चांदा कोतवाली क्षेत्र के सोनावां गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक किसान की करंट लगने से हुई मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही किसान का शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। बाद में गोमती नदी के इब्राहिमपुर घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मृतक के पुत्र अजय कुमार मिश्र द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, उनके पिता चन्द्रशेखर मिश्र मंगलवार को सुबह करीब 11रू50 बजे से 12रू10 बजे के बीच अपने खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ट्यूबवेल के पास लगे बिजली पोल के स्टे वायर में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में उनके साथ खेत पर मौजूद नन्हकऊ निषाद भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए, जिनका उपचार चल रहा है।

परिजनों का आरोप है कि संबंधित बिजली पोल के स्टे वायर में करंट उतरने की शिकायत पहले भी कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन और लिखित रूप से दी गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। परिजनों ने बिजली विभाग के एसडीओ, संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) तथा अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों को घटना का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि सोनावां क्षेत्र में इससे पहले भी बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद गोमती नदी के किनारे स्थित प्रतापगढ़ के इब्राहिमपुर घाट पर अंतिम संस्कार किया गया, जहां मृतक के बड़े पुत्र ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान कोतवाली प्रभारी राजकुमार वर्मा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |