हाथ पर काटने, जान से मारने की धमकी देने और घरेलू हिंसा का आरोप, थाना बरखेड़ा में दी तहरीर
बरखेड़ा। थाना बरखेड़ा क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने, हाथ पर काटकर घायल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जनपद शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी रेखा वर्मा पुत्री श्री सुरेश ने थाना बरखेड़ा में दी गई तहरीर में बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व उसका विवाह थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव पकड़िया तालुके उमरिया निवासी गोपी कृष्ण पुत्र श्री श्याम बिहारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता ने बताया कि विवाह के बाद से ही उसका पति शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। इसके बावजूद वह यह सोचकर सब कुछ सहन करती रही कि उसका परिवार और घर-गृहस्थी बनी रहे। दंपति के दो पुत्र हैं, जिनमें आरुष (4 वर्ष) और आदित्य (2 वर्ष) शामिल हैं। तहरीर के अनुसार, वह अपने छोटे भाई की शादी में मायके गई थी। करीब एक माह पूर्व गुरुवार को उसकी मां उसे वापस ससुराल छोड़ गई थीं। आरोप है कि 20 जुलाई 2026 (सोमवार) की शाम उसका पति शराब के नशे में घर पहुंचा। जब उसने पति को शराब पीने का विरोध किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट शुरू कर दी और उसके हाथ पर काट लिया। पीड़िता का कहना है कि उसकी चचेरी ननद ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि पति ने कहा कि वह शराब पीना नहीं छोड़ेगा और यदि उसे जाना है तो कहीं भी चली जाए। साथ ही यह भी धमकी दी कि यदि वह उसके घर से नहीं गई तो उसे जान से मार देगा।
पीड़िता ने थाना बरखेड़ा पुलिस को तहरीर देकर पति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpg)