मधुबनी के भेजा में नाबालिग से गैंग रेप
July 17, 2026
बिहार के मधुबनी जिले के भेजा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घिनौनी वारदात के बाद से इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल है। पीड़िता की मां के लिखित बयान के आधार पर स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस पीड़िता को कोर्ट बयान और मेडिकल के लिए भेजी है। इसके साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है पीड़ित नाबालिग लड़की घरेलू सामान खरीदने के लिए गांव की एक दुकान की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही तीन युवक उसे जबरन एक मकान की छत पर ले गए और वहां कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वहीं ये भी बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक युवक से लड़की का पूर्व से प्रेम प्रसंग था। शादी का वादा कर उसने लड़की को अपने पास बुलाया था, बाद में युवक शादी से मुकर गया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है ।तीनों नामजद आरोपी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम तीनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी शिवम धाकड़ ने कहा इस मामले की प्रेम प्रसंग, गैंग रेप ससमेत अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है। एसपी ने कहा कि जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि इससे पहले 9 जुलाई को सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित गैंगरेप और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया था। जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एसपी पूरन कुमार झा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा था।
