Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

30 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 3 साल का बच्चा, 7 घंटे बाद रैस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला


बिहार के गया जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। गया के फतेहपुर प्रखंड में आने वाले गुरपा थाना क्षेत्र के रंगून नगर में गुरुवार को एक 3 साल का बच्चा बोरवेल में गिर गया। खेलते-खेलते 3 साल का मासूम बच्चा पीयूष कुमार करीब 30 फीट गहरे खुले बोरवेल में जा गिरा, इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी के बाद ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हालांकि गांव के लोगों को तत्काल पुलिस और स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी।

गुरपा थाना पुलिस और बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। प्रशासन ने तत्काल बोरवेल में पाइप के जरिए ऑक्सीजन की व्यवस्था की, ताकि बच्चे को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती रहे। वहीं पटना से एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से रेस्क्यू अभियान में जुट गई। बचाव दल बोरवेल के आसपास आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करते हुए पाइप के जरिए बच्चे तक पहुंचा। बोरवेल नीचे से संकरा था ऐसे में ऑक्सीजन की कमी से बच्चे के दम घुटने की संभावना को देखते हुए बच्चे तक ऑक्सीजन पाइप पहुंचाया गया।

बच्चा ऑक्सीजन का पाइप पकड़ ले इसके लिए NDRF की टीम के साथ बच्चे की मां ने भी उनकी मदद की। मां ने ऑक्सीजन पाइप को पकड़ने के लिए उसे चॉकलेट देंगे कहने की बात कही, जिसके बाद मासूम ने पाइप को पकड़ा और फिर उसे बाहर निकाला गया। बच्चे को बचाने के लिए करीब सात घंटे तक चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन चला, जिसमें प्रशासन, आपदा राहत बल और स्थानीय लोगों की मदद से सभी ने प्रयास किया और आखिरकार मासूम पीयूष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के सकुशल बाहर आते ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्चे के परिजनों ने प्रशासन और रेस्क्यू टीम का बहुत आभार जताया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |