![]() |
| युवती की मौत संदिग्ध |
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के रणवीर नगर गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान काजल पुत्री अमरनाथ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार काजल मंगलवार रात करीब 11 बजे से घर से लापता थी। बताया जा रहा है कि युवती का शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर बरामद हुआ। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों का कहना है कि युवती की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि काजल की एक युवक से बातचीत होती थी और वह कथित रूप से उसे धमकाता था। परिजनों ने उक्त युवक की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।वहीं, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
