बीसलपुर। ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जनपद शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र के गांव बरीबरा कॉलोनी निवासी रामविलास पुत्र सुम्मेर लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा मंगलवार सुबह अपने घर से बाइक द्वारा अपनी ससुराल गांव हिम्मतपुर, थाना दियोरिया कला जा रहा था। तहरीर के अनुसार, गांव बरखेड़ा चतुरहा के पास नहर पर सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सीएचसी बिलसंडा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
.jpg)