कटमटा की चैपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, बिजली, राशन और अन्य शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश
पीलीभीत। गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने मंगलवार को अमरिया विकासखंड के ग्राम भदसरा पहुंचकर देवहा नदी के किनारे कटान रोकने के लिए कराए गए पिचिंग कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगामी बाढ़ एवं वर्षा के मौसम में राहत एवं बचाव कार्य पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि देवहा नदी के कटान से हर वर्ष क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता था। पिचिंग कार्य पूर्ण होने से आसपास के करीब डेढ़ दर्जन गांवों को नदी कटान से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल किसानों की फसलें सुरक्षित रहेंगी, बल्कि बरसात के दौरान आवागमन की समस्या में भी काफी कमी आएगी।
चैपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश
निरीक्षण के बाद राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ग्राम कटमटा पहुंचे, जहां आयोजित जन चैपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चैपाल में बिजली आपूर्ति, राशन कार्ड और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति न मिलने की शिकायत की, जिस पर राज्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए प्रतिदिन कम से कम 22 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राशन कार्ड और अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कटमटा पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने राज्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। चैपाल में मुख्य विकास अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख श्याम सिंह, तहसीलदार, जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ), पूर्व प्रधान जसपाल सिंह, सर्वजीत सिंह छब्बा, दिलवाग सिंह, प्रकाश सिंह, लॉडी प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
