पीलीभीतः कारगिल विजय दिवस पर पूरनपुर के शहीद पार्क में श्रद्धांजलि समारोह, शहीद सुरेंद्र सिंह लवाना को किया गया नमन! कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, शहीद पार्क में गूंजा देशभक्ति का जज्बा
July 26, 2026
पीलीभीत। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को पूरनपुर स्थित शहीद पार्क (शहीद सुरेंद्र सिंह लवाना स्मारक) में भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, सामाजिक संस्था नेकी की दीवार, रोटरी क्लब तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर वीरों को नमन किया।वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के शहीदों का त्याग और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि जनपद के वीर सपूत शहीद हवलदार सुरेंद्र सिंह लवाना ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए, जिनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैंड की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। ब्रह्मकुमारी आश्रम की बहनों ने भी शहीद स्मारक पर पुष्प और कैंडल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।श्रद्धांजलि समारोह के अंतर्गत केंद्रीय राज्यमंत्री, जिलाधिकारी एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने शहीदों की स्मृति में पौधारोपण भी किया। वहीं, शहीद हवलदार सुरेंद्र सिंह लवाना के परिजनों को जिलाधिकारी ने शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान शहीदों के सम्मान में राष्ट्रभक्ति और कृतज्ञता का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
