अमेठीः महिलाओं को वितरित की गईं साड़ियां! धूमधाम से मनाया गया अखिलेश यादव का जन्मदिन
July 01, 2026
अमेठी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर अमेठी बाईपास स्थित एक निजी होटल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी नेता शिव प्रताप यादव द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक तथा स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को केक खिलाकर अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उत्सव का माहौल देखने को मिला। जन्मदिन समारोह के अवसर पर समाजसेवा के तहत जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियों का वितरण भी किया गया। साड़ी पाकर महिलाओं ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में लोकगीत गायिका बहन उजाला यादव ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके गीतों पर उपस्थित लोग झूम उठे और कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के नारों के साथ अखिलेश यादव के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के हित में अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां आम जनता के हितों की रक्षा के लिए समर्पित हैं और कार्यकर्ताओं को इन्हें घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर असरद अहमद, राम दुलारे यादव, बृजेश यादव, विजय यादव, राम सिंह यादव, संग्राम सिंह, राकेश यादव, समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह की जानकारी समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने दी।
