Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी का समाजसेवी अमृतलाल के आवास पर भव्य स्वागत! शंकराचार्य यात्रा में शामिल भाजपा नेताओं की स्कैनिंग की उठाई मांग


  • पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह को बड़ी जिम्मेदारी देने की पैरवी
  • निशुल्क चिकित्सा सेवा और दिव्यांगजन सहायता कार्यों की भी दी जानकारी

पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र  के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी का निशक्त जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी अमृतलाल के आवास पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका पुष्पमालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता की झलक देखने को मिली, जहां विभिन्न समाजों के लोगों ने एक साथ उपस्थित होकर क्षेत्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।स्वागत समारोह के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी अमृतलाल ने क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी से कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं राजनीतिक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की यात्रा में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कुछ लोग भी शामिल हुए थे। उन्होंने मांग उठाई कि पार्टी ऐसे लोगों की गंभीरता से स्कैनिंग कराए और यह पता लगाए कि किन परिस्थितियों में वे कार्यक्रम में शामिल हुए। यदि पार्टी की नीति के विरुद्ध किसी प्रकार की गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

अमृतलाल ने बातचीत के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह की कार्यशैली की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि संजीव प्रताप सिंह के जिलाध्यक्ष रहते हुए पार्टी ने जनपद की सभी सीटों पर मजबूत प्रदर्शन किया और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्ष से अनुरोध किया कि पार्टी नेतृत्व संजीव प्रताप सिंह के अनुभव, संगठन क्षमता और समर्पण को देखते हुए उन्हें भविष्य में कोई बड़ी जिम्मेदारी प्रदान करे।इस अवसर पर समाजसेवी अमृतलाल ने अपनी संस्था निशक्त जन सेवा संस्थान द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान प्रत्येक माह की 12 तारीख को निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित करता है, जिसमें जरूरतमंद मरीजों को आंखों के चश्मे, कान की मशीनें तथा अन्य आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि यह सेवा कई वर्षों से लगातार जारी है और सैकड़ों जरूरतमंद इससे लाभान्वित हो चुके हैं।उन्होंने बताया कि संस्थान ने हाल के दिनों में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम हाथ एवं पैर उपलब्ध कराने का भी अभियान चलाया है। सड़क दुर्घटना अथवा अन्य हादसों में अपने हाथ या पैर गंवा चुके लोगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है और भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द का भी विशेष संदेश देखने को मिला। स्वागत समारोह में पसमांदा मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि, सिविल डिफेंस कोर के सदस्य, निशक्त जन सेवा संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्य, कायस्थ समाज के प्रतिनिधि, आर्य कन्या इंटर कॉलेज से जुड़े सदस्य तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।अपने संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज गति से चल रही हैं।

उन्होंने कहा कि उनका पीलीभीत से पुराना आत्मीय संबंध रहा है और यहां के कार्यकर्ताओं का स्नेह हमेशा उन्हें मिलता रहा है। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह के संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही वर्तमान जिलाध्यक्ष की कार्यशैली की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन को मजबूती देने के लिए सभी पदाधिकारी मिलकर कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद, संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के संदेश के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |