बिलासपुर। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम हमीद नगर में आधा दर्जन से अधिक सरकारी हैंडपंप खराब पड़े होने के कारण ग्रामीण शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। गांव में रहने वाली ईसाई समुदाय की बड़ी आबादी, जिसमें अधिकांश मजदूर परिवार हैं, इन खराब नलों से आने वाले दूषित पानी को पीने के लिए मजबूर है।
विधान केसरी संवाददाता मोहम्मद यासीन ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की। शुरुआत में ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका से घबराए हुए दिखे, लेकिन बाद में दबी जुबान में उन्होंने अपनी समस्या बताई। ग्रामीणों का कहना है कि घरों के पास लगे सरकारी नलों से बेहद गंदा पानी आता है, जिसे पीने से गांव में विभिन्न प्रकार की गंभीर बीमारियां फैल रही हैं। आर्थिक तंगी के चलते ग्रामीण इन बीमारियों का समुचित इलाज कराने में असमर्थ हैं,ग्रामीणों का कहना है जिसके परिणामस्वरूप गांव में कई लोगों की गंभीर बीमारियों से मृत्यु भी हो चुकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए वे कई बार तहसील एवं ब्लॉक प्रशासन को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
