सुल्तानपुर। वाराणसी से लखनऊ जा रहे एक वाहन के साथ दियारा रोड फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर पर अचानक सामने आए आवारा गोवंश को बचाने के प्रयास में चालक को वाहन मोड़ना पड़ा। इसी दौरान कार का टायर फट गया और अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर पर लगे सांकेतिक (साइन) पोल से जा टकराई।
हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह वाहन पर नियंत्रण पाया और उसे दोबारा सड़क पर सुरक्षित रोकने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि वाहन रिटायर्ड कमांडर अशोक कुमार यादव चला रहे थे, जिन्हें अत्यंत आवश्यक कार्य से लखनऊ पहुंचना था। दुर्घटना में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
यह घटना एक बार फिर सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश की समस्या को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे और फ्लाईओवर पर आवारा पशुओं की मौजूदगी लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
