शुकुलबाजार: चोरों का आतंक जारी! नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हुए चोर, लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत
July 20, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। ताजा मामला ग्राम सभा महोना पश्चिम के पूरे सारी गांव का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने नसीर अहमद के घर को निशाना बनाकर घर के पीछे लगे दरवाजे की कुंडी तोड़ दी और घर में रखी नकदी सहित सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर देर रात घर में घुस गए और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे कीमती आभूषण तथा नकदी समेट ले गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों की रातों की नींद हराम हो गई है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।इस संबंध में थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा और पुलिस टीम को जल्द ही चोरी की घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है। साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
