सुल्तानपुर: पुलिस का बहू-बेटी सम्मेलन! महिलाओं-बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं साइबर जागरूकता से जोड़ा
July 23, 2026
सुलतानपुर। पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में जिले के समस्त थानों की एंटी रोमियो स्क्वॉड और मिशन शक्ति टीमों ने बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। इन सम्मेलनों के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं को मिशन शक्ति -5 अभियान के अंतर्गत नारी सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता प्रदान की गई।कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया पर गोपनीयता बनाए रखने, साइबर स्टॉकिंग जैसी समस्याओं से निपटने के तरीके बताए गए। साथ ही उन्हें कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबर्स (112, 1090, 181 आदि) और स्वरक्षा की जानकारी दी गई।पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं-बालिकाओं को न सिर्फ सुरक्षित महसूस कराना, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना भी लक्ष्य है। एंटी रोमियो टीमों के सक्रिय प्रयासों से जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने और उन्हें तत्काल मदद पहुंचाने की व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।सम्मेलन में स्थानीय महिला संगठनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूल-कॉलेज छात्राओं और गृहिणियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। प्रतिभागियों ने मंच से अपनी समस्याएं रखीं और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
