गौरीगंज: शातिर बाइक चोर गैंग का खुलासा! तीन चोर और कबाड़ी गिरफ्तार, 8 बाइक बरामद
July 24, 2026
गौरीगंज/अमेठी। जनपद की एसओजी टीम मे संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत एक अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा कर तीन शातिर चोरों और एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें और सात अन्य मोटरसाइकिलों भी बरामद किए गए हैं। एसपी सरवणन टी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान, बीती रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें दिनेश कुमार अग्रहरि (निवासी रेसी, थाना जामो), मोहम्मद वासीद (निवासी सुखी बाजगढ़), मोहम्मद ताजिर उर्फ महताब (निवासी जामो) और फैसल खान (निवासी अजबगढ़, थाना जामो) शामिल हैं। एसपी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अलग-अलग जगहों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी की इन बाइकों को वे कबाड़ी दिनेश अग्रहरि को लगभग 5,000 रुपये में बेच देते थे। दिनेश अग्रहरि अपने घर पर बने गोदाम में इन मोटरसाइकिलों को खोलकर उनके इंजन, चेसिस, टायर और रिम जैसे पुर्जों को अलग कर कानपुर में बेच देता था। वही आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखी गई कुल आठ मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके अतिरिक्त, सात अन्य मोटरसाइकिलों के पुर्जे भी जब्त किए गए। ये सभी वाहन गौरीगंज, नंदमहर, जामो जनापुर और अन्य जगहों से चुराए गए थे। एसपी सरवणन टी ने पुलिस ऑफिस सभागार में इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं और लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इनमें से दो अभियुक्तों पर पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। इस गिरोह से संबंधित चोरी के सात मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली एसओजी, जामो और गौरीगंज पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
