Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

6 महीने का था तब पिता की हत्या हुई, 23 साल बाद बेटे ने लिया बदला; मामले का ऐसे हुआ खुलासा


महाराष्ट्र में पुणे-सतारा हाईवे पर शिंदेवाड़ी इलाके में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुणे ग्रामीण पुलिस ने सुलझा लिया है। पुरानी कटराज सुरंग के पास हुई इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की कहानी सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

बीती 11 जुलाई को शिंदेवाड़ी इलाके में 40 वर्षीय संजय बाबूराव कडू-देशमुख (निवासी मुंधवा, मूल निवासी कुरन, तालुका वेल्हे) की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद राजगढ़ पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुणे ग्रामीण पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच और राजगढ़ पुलिस की संयुक्त जांच के दौरान दो संदिग्धों- मंथन वैद्य और सौरभ परदेशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी मंथन दिनेश वैद्य ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मंथन ने बताया कि लगभग 23 साल पहले संजय देशमुख ने उसके पिता की हत्या कर दी थी, जब वह महजह 6 महीने का था। पिता की हत्या का बदला लेने के लिए मंथन ने अपने साथियों के साथ मिलकर संजय की हत्या की पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद क्षीरसागर ने सोमवार को बताया, "मंथन वैद्य और सौरभ परदेशी को 14 जुलाई को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने मिजान शेख और संदीप कोरी नामक दो अन्य साथियों की मदद से संजय बाबूराव कडू-देशमुख की हत्या की थी।" पुलिस ने कहा कि इस हत्या के तार वर्ष 2003 की एक घटना से जुड़े हैं। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद काडू-देशमुख ने मंथन के पिता दिनेश वैद्य की हत्या कर दी थी। उस समय मंथन की उम्र महज छह महीने थी।

सहायक पुलिस निरीक्षक चेतन माचले ने बताया कि आरोप है कि मंथन वर्षों से अपने पिता की हत्या का बदला लेने की भावना मन में पाले हुए था। इसी कारण उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर काडू-देशमुख की हत्या की साजिश रची। उन्होंने बताया कि जिस वक्त काडू-देशमुख की हत्या की गई उस समय वह एक अन्य आपराधिक मामले में जमानत पर बाहर था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |