लूट और हत्या के 7 आरोपियों को पुलिस ने दबोचा, घटनास्थल पर कराई परेड
July 21, 2026
महाराष्ट्र के नागपुर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का बेहद सख्त रुख देखने को मिला। शहर के मनकापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरेवाड़ा रोड पर महज दो दिन पहले लूटपाट के इरादे से एक ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या करने और डिलीवरी बॉय को लूटने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने न केवल चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार किया, बल्कि वारदात वाले इलाकों में उनकी सरेआम परेड भी कराई। दरअसल, घटना दो दिन पूर्व मनकापुर थाना क्षेत्र के गोरेवाड़ा रोड पर घटी थी, जहां बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से एक के बाद एक दो वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों ने सबसे पहले सड़क से गुजर रहे एक स्विगी डिलीवरी बॉय को निशाना बनाया। उसके साथ जमकर मारपीट की गई और डरा-धमकाकर उससे 1,000 रुपये नकद छीन लिए गए।
इस घटना के तुरंत बाद बदमाशों ने कैटरिंग का काम निपटाकर घर लौट रहे एक ऑटो को रोक लिया। घटना शनिवार रात की है। बदमाशों ने रात करीब 12:30 बजे एक मंदिर के पास ऑटो को रोक लिया और उसमें सवार महिला और पुरुषों से लूटपाट की कोशिश की गई। जब ऑटो चालक ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर घातक हथियारों से हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मनकापुर पुलिस टीम एक्शन में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर सभी 7 आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को उस मुख्य घटनास्थल पर ले गई, जहां-जहां वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा, जिन-जिन इलाकों से होकर आरोपी वारदात के बाद फरार हुए थे, उन सभी क्षेत्रों में भी पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों की पैदल परेड कराई गई। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और कड़े कदम की सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नागपुर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और अपराध को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
