सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ’मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के अंतर्गत जनपद सुलतानपुर के फरीदीपुर स्थित ’केएनआईटी परिसर’ में दो दिवसीय भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में कुल ’477 जोड़ों’ का विवाह सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि ’मा0 विधायक कादीपुर राजेश गौतम’ ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण करके किया। मुख्य विकास अधिकारी ’विनय कुमार सिंह’ ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
सामाजिक समरसता और गरीब व जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में ’6 मुस्लिम जोड़ों’ का विधिवत निकाह भी कराया गया। इससे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का सशक्त संदेश गया। हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ और मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपराओं के अनुसार सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में ’मा0 विधायक कादीपुर राजेश गौतम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख भदैया राजेन्द्र वर्मा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक’ सहित अन्य अधिकारियों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
मा0 विधायक ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखद और समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी’ ने बताया कि शासन की पारदर्शिता के लिए प्रत्येक जोड़े का विवाह से पूर्व ’बायोमेट्रिक सत्यापन’ कराया गया। सत्यापन के बाद ही उन्हें विवाह मंडप भेजा गया। समारोह में पेयजल, बैठने, चिकित्सा, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
समारोह के दौरान मा0 विधायक, ब्लॉक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
यह समारोह जनपद में ’सामाजिक समानता, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल’ देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
