Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 397 जोड़ों का हुआ विवाह, सामाजिक समरसता का बना उदाहरण


  • हिंदू-मुस्लिम नवयुगलों ने एक ही मंच से लिए सात फेरे व निकाह की रस्में
  • नवदंपतियों को उपहार, पौधे और आत्मनिर्भर बनने का संदेश

पीलीभीत। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को नवीन मंडी समिति परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पंजीकृत 447 जोड़ों में से 397 नवयुगलों का विवाह विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 220 हिंदू एवं 177 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। एक ही मंच से दोनों समुदायों के विवाह संपन्न होने से सामाजिक समरसता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।विवाह संपन्न होने के बाद अतिथियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री भेंट कर सुखी, समृद्ध एवं सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। प्रत्येक नवदंपति को एक-एक पौधा भी भेंट किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अपनी माता के नाम पर पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।मुख्य अतिथि प्रतिनिधि अजय सिंह गंगवार ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। हिंदू और मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों जोड़ों का एक साथ विवाह संपन्न होना सामाजिक एकता और समावेशी सोच का प्रतीक है।

जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने नवविवाहित दंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि कोई दंपति स्वरोजगार स्थापित करना चाहता है तो वह मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत आवेदन कर सकता है। इस योजना में पात्र युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने सभी नवविवाहितों से सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास तेजी से हो रहा है और रोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और विवाह मंडपों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से कराई गईं। कार्यक्रम का समापन नवदंपतियों को मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं एवं सामाजिक, पारिवारिक तथा राष्ट्रीय दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के संदेश के साथ हुआ।कार्यक्रम में विधानसभा पीलीभीत क्षेत्र के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के प्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुख ललौरीखेड़ा अजय सिंह गंगवार उपस्थित रहे। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख अमरिया श्याम सिंह उर्फ निशान सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप कौर, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, उपायुक्त स्वतः रोजगार वंदना सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी चन्द्रमोहन विश्नोई सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |