पीलीभीत। जनपद में ओवरलोड वाहनों के संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने शुक्रवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। यात्रीकर मालकर अधिकारी के नेतृत्व में पीलीभीतदृसितारगंज मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान माल वाहनों के दस्तावेजों के साथ-साथ उनके भार की भी गहन जांच की गई।जांच के दौरान कुल छह माल वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार का परिवहन करते पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर परिवहन विभाग ने चार वाहनों को सीज कर दिया, जबकि दो वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सीज किए गए वाहनों में एक वाहन को ललौरीखेड़ा पुलिस चैकी, एक वाहन को आसम पुलिस चैकी तथा दो वाहनों को जहानाबाद स्थित आरसीएल प्लांट में निरुद्ध कराया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने 3 लाख 95 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क भी वसूल किया।यात्रीकर मालकर अधिकारी ने वाहन स्वामियों एवं चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद में किसी भी स्थिति में ओवरलोड वाहनों का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन ही नहीं है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कई गुना बढ़ जाती है और सड़कें भी समय से पहले क्षतिग्रस्त होती हैं। जनपद में सुरक्षित, सुचारु एवं नियमसम्मत परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
