- गांधी सभागार में समीक्षा बैठक, नाला सफाई, विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण और स्वच्छता अभियान पर दिया जोर
- राज्य मंत्री श्री गंगवार ने लापरवाही पर जांच समिति गठित करने के निर्देश
पीलीभीत। जनपद में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने सोमवार को गांधी सभागार में नगर निकायों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर क्षेत्रों में जलभराव से बचाव, साफ-सफाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, नालों की सफाई, अधूरे विकास कार्यों तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। राज्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात के दौरान किसी भी नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि.ध्रा.) प्रसून द्विवेदी, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद शहर, नगर पंचायत जहानाबाद, गुलड़िया भिंडारा एवं नौगवां पकड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।राज्यमंत्री ने नगर पंचायतवार नाला सफाई की प्रगति, नई गौशालाओं के निर्माण, विभिन्न वार्डों में जलभराव की संभावित स्थिति तथा नगर निकायों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधूरे सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने, पार्कों एवं मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्यों में तेजी लाने तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने नाला सफाई कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का आकलन करेगी तथा अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। राज्यमंत्री ने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखाई देने चाहिए। सभी नगर निकाय लगातार निगरानी रखें और जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनाए रखें।
बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर बनाने में आमजन की सहभागिता भी आवश्यक है। साथ ही नगर निकायों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के उत्पीड़न पर सख्त नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
राज्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था की भी समीक्षा की। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल ठीक कराया जाए, विद्युत लाइनों के किनारे पेड़ों की टहनियों की समय से छंटाई कराई जाए ताकि बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित न हो और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत मिल सके।बैठक में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जाए तथा विद्युत सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने राज्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा तथा नगर क्षेत्रों में जलभराव, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से संबंधित सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा। बैठक में अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे नियमित रूप से फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
