लखनऊ। राजधानी में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और अवैध कब्जों को हटाने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर पुलिस बल के साथ जोन-3, जोन-5 और जोन-8 के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की गई।
जोन-3 अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज ओवरब्रिज, सेक्टर-जे जानकीपुरम और अलीगंज में जाम का कारण बन रहे अवैध कब्जों को हटाया गया। दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए स्थानीय पुलिस को पत्र लिखा गया है। जोन-5 आलमबाग चैराहे से सुजानपुरा तक अभियान चलाकर 8 ठेले, 3 गुमटियां और 3 काउंटर जब्त किए गए। साथ ही अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन पर कुल ₹5,500 का जुर्माना वसूला गया। जोन-8 तेलीबाग चैराहे से सेक्टर-5 मोड़ तक वृहद अभियान चलाकर अवैध रूप से लगे ठेलों, गैस सिलेंडरों, भट्टियों, काउंटरों और लोहे के मेज-स्टूल सहित भारी मात्रा में सामान जब्त किया गया।
