Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलिया: 24 लाख का बायोगैस संयंत्र बना शोपीस, 12 लाख के दुरुपयोग के आरोप में लखनऊ की कंपनी पर एफआईआर


बलिया। चिलकहर विकास खंड की ग्राम पंचायत हसनपुर उर्फ बछईपुर में गोवर्धन परियोजना के तहत स्थापित बायोगैस संयंत्र में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि 24 लाख रुपये की लागत से तैयार संयंत्र निर्माण के बाद भी संचालित नहीं किया गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ।

सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सूर्य प्रकाश यादव की तहरीर पर नगरा थाना पुलिस ने लखनऊ स्थित आनंद बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, इंदिरानगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। तहरीर के अनुसार ग्राम पंचायत हसनपुर उर्फ बछईपुर में 45 घनमीटर क्षमता का बायोगैस संयंत्र स्थापित किया गया था, लेकिन कार्यदायी संस्था ने समय पर इसे चालू नहीं कराया। जांच में लगभग 12 लाख रुपये की सरकारी धनराशि के दुरुपयोग की बात सामने आई है।

बताया गया कि जिला पंचायत राज अधिकारी, बलिया के 30 अप्रैल 2026 के निर्देश के क्रम में सहायक विकास अधिकारी ने 17 जुलाई को थाना नगरा में तहरीर दी थी। पत्र में परियोजना के उद्देश्यों के बाधित होने का उल्लेख करते हुए दोषी संस्था के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे।

थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की सूचना जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी तथा उपनिदेशक पंचायत आजमगढ़ को भी भेजी गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |