बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को तहसील रसड़ा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 209 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 22 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
समाधान दिवस में जाति प्रमाण पत्र, खड़ंजा निर्माण, नाली पर अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा, विद्युत आपूर्ति और भूमि विवाद सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने ग्राम छितौनी में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर लेखपाल एवं कानूनगो को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम चिंतामनपुर में दो भाइयों के बीच भूमि विवाद के मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) को तत्काल मौके पर जाकर विवाद का समाधान कराने का निर्देश दिया गया। वहीं ग्राम गाजियापुर में नवीन परती भूमि पर रह रहे लोगों के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि यदि वे पात्र हों तो नियमानुसार उनके नाम पट्टा कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवादों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में महिलाओं के लिए निर्मित नए शौचालय का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा परिसर में अपने नाम का पौधा लगाकर वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय कुमार राय, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
.jpg)