Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः 11 जुलाई से शुरू होगा विश्व जनसंख्या दिवस अभियान, परिवार नियोजन को लेकर चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान


  • 18 जुलाई तक जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलेंगी निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाएं
  • कॉलेजों में होंगी वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, रैली और जागरूकता कार्यक्रम

पीलीभीत। जनपद में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक व्यापक परिवार नियोजन एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार नियोजन संबंधी निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस का स्लोगन ष्जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहालष् रखा गया है। वहीं अभियान की थीम परिवार नियोजन के माध्यम से स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल परिवार का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बी.सी. पंत ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के क्रम में अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद के सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक प्रबंधन इकाई के अधिकारियों की वर्चुअल बैठक आयोजित कर अभियान की रूपरेखा साझा की गई।

बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल परिवार नियोजन अधिकारी डॉ. छत्रपाल सिंह ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर परिवार नियोजन संबंधी स्टॉल लगाए जाएं, जहां लोगों को विभिन्न गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी देने के साथ उनका निःशुल्क वितरण भी किया जाए। उन्होंने कहा कि योग्य दंपत्तियों को ष्बास्केट ऑफ चॉइसष् के माध्यम से उपलब्ध सभी परिवार नियोजन विकल्पों की जानकारी देकर उनकी काउंसलिंग की जाए, जिससे वे अपनी आवश्यकतानुसार उचित साधन का चयन कर सकें।

जनपदीय परिवार नियोजन एवं लॉजिस्टिक प्रबंधक अमित शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) एवं आशा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को अभियान की जानकारी देंगी। आशा बहनें इच्छुक दंपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों तक लाने में सहयोग करेंगी। साथ ही परिवार नियोजन को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं कुरीतियों को काउंसलिंग के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान की प्रतिदिन रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जनपद के इंटरमीडिएट एवं डिग्री कॉलेजों में भी विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, जागरूकता रैलियां, संगोष्ठियां तथा अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा लोगों को छोटे एवं स्वस्थ परिवार के महत्व के प्रति जागरूक बनाना है। अभियान के दौरान कम उम्र में विवाह से बचने, दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतर रखने, प्रसव के बाद उपलब्ध परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ लेने तथा पुरुष एवं महिलाओं दोनों की नसबंदी और परिवार नियोजन में समान भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जनसंख्या नियंत्रण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक परिवार सही समय पर सही निर्णय लेकर परिवार नियोजन के साधनों को अपनाए, तो मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आने के साथ परिवार आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से अधिक सशक्त एवं खुशहाल बन सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर 11 से 18 जुलाई तक जिलेभर में विशेष जागरूकता एवं सेवा अभियान संचालित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |